त्रिमुहानी स्थित स्व. मैनेजर सिंह की प्रतिमा के सामने विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला फूंका। इससे पूर्व कांग्रेसजनों ने कसबे में जुलूस निकाल शासन-प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न मांगों से संबंधित एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीबी मिश्रा ने कहा कि विद्युत विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। विभाग द्वारा बैरिया विधान क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर हमेशा से अनदेखी की जाती है। दलित बस्ती में विगत कई वर्षों से 10 केवीए का स्वीकृत ट्रांसफार्मर जानबूझकर नहीं लगाया जा रहा है। बैरिया उपकेंद्र पर एसडीओ और जेई कभी भी नहीं रहते हैं।
जिला मुख्यालय पर ही रहकर जैसे-तैसे अपने कार्य निपटाते हैं। तारकेश्वर पांडेय ने कहा कि बैरिया विधानसभा में ही बिजली की समस्याओं का अंबार है। इसके अलावा बगल के बांसडीह सहित अन्य विधानसभा में बिजली की उतनी समस्या नहीं है, जितनी बैरिया में है।
श्रीनाथ सिंह चौहान ने कहा कि बैरिया में विद्युत कटौती व्यापक पैमाने पर की जा रही है। जबकि बगल के विधानसभा में 10 से 12 घंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
कहा कि बस्ती में 10 केवीए का एक साल पूर्व स्वीकृत ट्रांसफार्मर अब तक नहीं लगाया जाना विद्युत विभाग के लापरवाही की पोल खोल रहा है। यदि विभाग समय रहते नहीं चेतता है, तो हम लोग सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। कई बार विभाग के अधिकारियों से लोगों ने िश्ाकायत की लेकिन एक न सुनी गई।