गंगा नदी पर बनने वाली जनेश्वर मिश्र सेतु के लिए सैकड़ों एकड़ भूमि अधिग्रहित किया गया है, कुछ का अिधग्रहण अभी किया जाना है। इसके लिए कम कीमत की मिलने की आशंका पर जनाड़ी गांव के दर्जनभर किसान बुधवार को भाजपा नेता नागेंद्र पांडेय के नेतृत्व में डीएम के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट से मिले और ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि उनकी जमीन का वाजिब मूल्य नहीं दिया जा रहा है। पत्र में उल्लेख किया है कि हम विकास के मार्ग में बाधा नहीं पैदा करना चाह रहे हैं। बल्कि हम अपने जमीन का सही मूल्य मांग रहे है। बिना सहमति लिए ही हम लोगों की खड़ी फसल को जेसीबी लगाकर नष्ठ करा दिया गया। आरोप लगाया है कि उनकी जमीन का बिना अधिग्रहण किए ही एक तरफ भूमि पूजन का कर्य चल रहा था। जबकि दूसरी तरफ विभाग के इंजीनियरों के निर्देश पर जेसीबी लगाकर फसल को नुकसान कराया गया। भाजपा नेता नागेंद्र पांडेय ने कहा कि किसानों के खेत में खड़ी फसल को नुकसान कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कृष्णानंद पांडेय, सिद्धनाथ पांडेय, रामेश्वर नाथ पांडेय, विजय कुमार पांडेय, रमाशंकर पांडेय, मनोज पांडेय, कमलेश पांडेय आदि किसान मौजूद रहे।
दुबहर: भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह पीड़ितों से मंगलवार की देरशाम को मिले। उन्होंने किसानों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली और कहा कि किसानों की फसल नष्ट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए।