बलिया। जिला अस्ताल में शनिवार की दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जबकि इमरजेंसी में अपनी बेटी का इलाज कराने आया युवक कर्मचारी व डाक्टर से किसी बात को लेकर उलझ गया। मामला इतना बढ़ा कि हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस बीच एक बाहरी युवक ने मरीज के परिजनों की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया और वहां से हटाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी दलबल के साथ पहुंच गए। अंत में तीमारदार अपनी बेटी का इलाज कराने प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार फेफना थाना क्षेत्र के निधरिया गांव निवासी प्रीति कुमारी पैर में चोट होने पर परिजनों के साथ इमरजेंसी में दिखाने आई। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने परीक्षण कर इंजेक्शन लगाने के लिए कर्मचारी को कहा। इंजेक्शन लगाने के दौरान प्रीति डर कर सहम गई। इससे नाराज होकर कर्मचारी इंजेक्शन को कूड़ा में फेंक दिया और लौट गया। इसको लेकर परिजनों व कर्मचारियों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान कर्मचारी के साथ आए एक बाहरी युवक ने मरीज के परिजनों की पिटाई कर दी। इसको लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कर आरोपित युवक की तलाश में लग गई।