बैरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया है कि इब्राहिमाबाद पशु मेले की जमीन पर किसी को भी अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। जो कब्जे का प्रयास करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे वह कोई भी हो। ये बातें बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने अमर उजाला को टेलीफोन पर हुई बातचीत में कहीं।
बैरिया विधायक ने बताया कि उन्होंने मंगलवार की शाम लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इब्राहिमाबाद पशु मेले की जमीन का मामला रखा था। इस पर मुख्यमंत्री ने किसी भी हालत में मेले की जमीन पर किसी को भी कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। अगर किसी ने कब्जा किया भी होगा तो उसे बलपूर्वक खाली करा दिया जाएगा। विधायक ने इब्राहिमाबाद में स्पोर्ट्स कॉलेज, लालगंज व नारायणगढ़ में विद्युत उपकेंद्र सहित कई कार्यों की मंजूरी का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने विधायक से कहा कि संबंधित मंत्रालय के मंत्री से मिलकर अपनी बात रखिए, वहां से मेरे पास जैसे ही पत्रावली आएगी, मंजूरी दे दी जाएगी। बाढ़ व कटान के संदर्भ में भी मुख्यमंत्री ने विधायक से विधिवत जानकारी प्राप्त की।