कोतवाली थाना क्षेत्र के गंगापार शिवपुर दीयर में विगत 27 मार्च को मारपीट और घर जलाने की घटना के बाद इंडियन पीपुल्स सर्विसेज (आईपीएस)एवं भाकपा माले की संयुक्त टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेज दी।
रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने मांग की है कि पीड़ितों को तत्काल अंतरिम सहायता के तहत इंदिरा आवास, लोहिया आवास मुहैया कराया जाए। पूर्वजों के जमाने से पुश्तैनी जमीन पर बसे लोगों को जमीन का मालिक बनाया जाए।
हमलावरों पर हत्या का प्रयास का मुकदमा, गुंडा, गैगेस्टर एक्ट दर्ज किया जाए। घटनास्थल का दौरा राज्य मानवाधिकार आयोग एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग से कराया जाए। पूरे प्रकरण में सदर विधायक की भूमिका की जांच की जाए।
सदर कोतवाल को निलंबित किया जाए। अनुसूचित जाति, जनजाति के पीड़ित लोगों को लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। गंगापार शिवपुर दियर में एससी/एसटी थाना बनवाया जाए। सांमती उत्पीडन समाप्त किया जाए। इस मौके पर अरविंद गोंडवाना, लक्ष्मण यादव, सूचित गोंड, रामप्रवेश, शिवशंकर खरवार, अमित कुमार प्रसाद, राजकुमार गोंड, पिंटू वर्मा, आदि लोग रहे।