चिलकहर क्षेत्र के नराव गांव स्थित खेत में लगा बारिश का पानी।संवाद
बलिया। जिले में मंगलवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। चिलकहर क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई लेकिन अन्य क्षेत्रों में इंतजार है। आसमान में पूरे दिन बादल छाने से अब बारिश की उम्मीद जगी हुई है। आसमान में बादलों को देख किसानों के चेहरे खिलने लगे हैं लेकिन बारिश के इंतजार में उनकी परेशानी को बढ़ा दिया है। जून माह बिना बारिश का गुजर गया। अब जुलाई हो गया है, ऐसे में धान की खेती पिछड़ने लगी है। मंगलवार को तापमान 32.5 व न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। लग रहा था कि अब बारिश होगी अब बारिश होगी लेकिन इंतजार बढ़ता जा रहा है।
सुबह आसमान में बादल व हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि आसमान में बादल जरूर छाए हुए हैं लेकिन बारिश की स्थिति बन नहीं पा रही है जिसके कारण विलंब हो रहा है। फिलहाल मानसून झारखंड से आगे धीरे-धीरे बढ़ रहा है। बांसडीह सड़क। सुबह आसमान में घने बादल छा गए और क्षेत्र के कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है तो धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह काफी लाभदायक साबित होगी। वहीं बाजारों में भी मौसम सुहावना होने के कारण लोगों की आवाजाही सामान्य दिखी।