नगरा थाना क्षेत्र के गौंवापार में मारपीट का वायरल हो रहा वीडियो। वीडियो ग्रैब
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के गौवापार बाजार में बुधवार की शाम पुराने जमीन के विवाद और तीन वर्ष पुराने 38 हजार रुपये के कोल्ड ड्रिंक के बकाया भुगतान को लेकर दो पड़ोसियों के बीच मारपीट हो गई। देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
महिलाएं भी शामिल रहीं। मारपीट देखने के लिए भारी भीड़ जुट गई। घटना में विजय कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गौवापार निवासी विजय कुमार तीन वर्ष पहले दिए गए कोल्ड ड्रिंक के 38 हजार रुपये बकाया की मांग करने पड़ोसी सुरेंद्र गुप्ता, प्रमोद गुप्ता और दीपक गुप्ता के पास गया था। इसी दौरान कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर विजय कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इन दोनों के बीच बंटवारे का विवाद भी है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। वीडियो में एक व्यक्ति के सिर पर डंडे से वार करते हुए तथा उसके जमीन पर गिरने के बाद भी लगातार हमला किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इस बाबत थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि दोनों पक्ष की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।