रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के शिवपुरी वार्ड नंबर तीन में शुक्रवार रात एक विवाह समारोह के दौरान बराती और घराती पक्ष में तिलक में हुए विवाद को लेकर मारपीट हो गई।
इस घटना में बरात पक्ष के शाहिल राजभर (17), आशुतोष राजभर (18) और राजेश राजभर घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शादी शांतिपूर्वक संपन्न कराई।
गड़वार कस्बा निवासी खेदू राजभर के यहां जनऊपुर गांव निवासी मोहन राजभर अपने पुत्र की बरात लेकर पहुंचे थे। द्वारपूजा कार्यक्रम के बाद बराती और घराती भोजन कर रहे थे। इसी दौरान तिलक के दिन हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में बहस शुरू हो गई और मारपीट होने लगी। माहौल बिगड़ता देख कुछ बराती वहां से निकलने लगे। हालांकि, रास्ते में फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोबारा मारपीट हुई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। मारपीट में बरात पक्ष के तीन लोग शाहिल राजभर, आशुतोष राजभर और राजेश राजभर घायल हुए हैं।
थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बताया कि शादी कार्यक्रम के दौरान बराती व घराती के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। आपसी सहमति बनने के बाद शादी समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो सका। मारपीट को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।