बैरिया। इंडेन गैस गोदाम बैरिया से पिछले तीन दिनों से गैस सिलिंडर वितरित नहीं होने से नाराज ग्राहकों ने बुधवार को बैरिया -रानीगंज मार्ग के बीबी टोला में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष बैरिया ने प्रयास कर किसी प्रकार सड़क जाम समाप्त कराया। ग्राहकों ने सुबह नौ बजे से 10 बजे तक सड़क जाम रखा।
गोदाम पर गैस सिलिंडर लेने पहुंचे अनिल कुमार, उमेश यादव, सोनू वर्मा, सत्येंद्र सिंह, रमेश वर्मा, अवधेश कुमार, मोनू, रमेश यादव, जितेंद्र आदि का कहना था कि पिछले तीन दिनों से बीबी टोला स्थित गोदाम पर गैस सिलिंडर का वितरण नहीं हो रहा है। बताया कि वे लोग प्रतिदिन गैस सिलिंडर लेकर लाइन लगाते हैं और तीन चार घंटे बाद यह बताया जाता है कि आज गैस सिलिंडर की गाड़ी नहीं आएगी।
बुधवार की सुबह जब ग्राहक गैस सिलिंडर लेने पहुंचे तो गैस गोदाम में ताला लटका देख भड़क गए और बैरिया-रानीगंज मार्ग के बीबी टोला में सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। ग्राहकों के सड़क जाम करने से बैरिया रानीगंज मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे कई यात्री जो सुरेमनपुर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने जा रहे थे जाम में फंसने से उनकी ट्रेन छूट गई।
सूचना पाकर एसओ बैरिया संजय त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एजेंसी डीलर से बात किया और ग्राहकों को समझा कर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इस बाबत हरेराम सिंह उर्फ हरि सिंह ने बताया कि कंपनी में हड़ताल की वजह से गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा था। अब हड़ताल समाप्त हो गया है गैस सिलिंडर भी मिलने लगा है। गुरुवार से गैस सिलिंडर का वितरण शुरू हो जाएगा।