बलिया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में नगर ने राष्ट्रीय स्तर की रैकिंग में पांच स्थानों की छलांग लगाते हुए 267 वां स्थान प्राप्त किया है। जबकि प्रदेश की रैकिंग में शहर को 46 वां स्थान मिला है। इसके पूर्व में हुए सर्वेक्षण में राष्ट्रीय रैकिंग में 272 वां और प्रदेश की रैकिंग में 54 स्थान रहा था।
यह जानकारी देते हुए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान को लेकर लगातार प्रभावी मुहिम चलाने का परिणाम रैंकिंग के सुधार के रूप में सामने आया है। बताया कि नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे दो टू डोर कचरा कलेक्शन, साफ सफाई के साथ-साथ ओडीएफ का भी स्वच्छता प्रतियोगिता में लाभ मिला है। इसके अलावा सिटीजन फीडबैक, कचरा प्रोसेसिंग, प्लास्टिक रोधी अभियान की भी रैंकिंग सुधारने में अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि नगर वासियों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक सत्यानंद कुमार के नेतृत्व में गोष्ठी और जन जागरण कार्यक्रम चलाया जाता रहा है। इसके अलावा ददरी मेला के माध्यम से भी लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक किया जाता रहा है। जिसका लाभ स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में नगर की सुधरी हुई रैंकिंग के तौर पर सामने आया है। इसके अलावा शहर की रैंकिंग सुधारने में गंगा टाउन योजना और अमृत योजना का भी अहम योगदान है।