चिलकहर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आवेदन भरने में चिलकहर विकासखंड ने जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है।
विभाग की ओर से निर्धारित 738 आवेदनों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 780 आवेदन भरे जा चुके हैं। इस तरह विकासखंड ने लक्ष्य से 42 अधिक आवेदन पूरे कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) राहुल कुमार ने बताया कि विकासखंड में 205 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से योजना का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों के जरिये पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन भरवाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें समय से आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करना है।
योजना के तहत पात्र महिला को पहली संतान के जन्म पर दो किस्तों में कुल पांच हजार रुपये दिए जाते हैं।
वहीं, दूसरी संतान बालिका होने पर निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने वाली महिला को छह हजार रुपये की सहायता राशि मिलती है। यह धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक या डाकघर खाते में भेजी जाती है।