फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: स्कूल में सोता रह गया पांच साल का मासूम, ताला बंद कर चली गईं शिक्षिकाएं; प्रभारी प्रधानाध्यापिका निलंबित

Fri, 20 Nov 2026 10:24 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।

सार

स्कूल में पांच साल का मासूम बच्चा सोता रह गया और शिक्षिकाएं ताला बंद कर चली गईं। काफी देर तक बच्चा स्कूल के अंदर बंद रहा। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने स्कूल का ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया।
विज्ञापन
ताला तोड़कर कमरे से निकाला गया मासूम। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तिरनई मौला राय में शिक्षकों की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। छुट्टी के बाद पांच वर्षीय मासूम सत्यम को विद्यालय के कमरे में बंद कर शिक्षिकाए और कर्मचारी घर चले गए। कमरे में बंद बच्चा काफी देर तक रोता-बिलखता रहा। संयोगवश एक महिला ने उसकी आवाज सुनी तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने कमरे का ताला तोड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनामिका मौर्या को निलंबित कर दिया है।

विज्ञापन




तिरनई मौला राय गांव निवासी सत्यम बृहस्पतिवार को रोज की तरह विद्यालय गया था। बताया जाता है कि वह स्कूल के एक कमरे में सो गया था। इसी बीच छुट्टी होने पर विद्यालय के कर्मचारियों ने कमरों की जांच किए बिना ताला बंद कर दिया और चले गए।ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय बंद होने का निर्धारित समय दोपहर तीन बजे है, लेकिन कर्मचारी दो बजे ही स्कूल बंद कर चले गए थे।

विज्ञापन
Trending Videos

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

कुछ देर बाद गांव की एक महिला विद्यालय के पास लगे नल पर हाथ धोने पहुंची। इसी दौरान उसे कमरे के अंदर से बच्चे के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। महिला ने तत्काल ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कमरे का ताला तोड़कर मासूम को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्चा सुरक्षित बाहर आ गया।

घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और शिक्षिकाओं से जवाब-तलब किया। इस दौरान ग्रामीणों और शिक्षिकाओं के बीच तीखी बहस हुई। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बढ़ते विवाद को देखते हुए ग्राम प्रधान ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया।

विभागीय जांच कराई जाएगी

इस संबंध में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी नगरा रत्न शंकर पांडेय ने बताया कि मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनामिका मौर्या को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए सीडीपीओ को पत्र भेजा जा रहा है। मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।

इस संबंध में प्रधानाध्यापिका अर्चना यादव ने बताया कि वह 17 नवंबर से ही चिकित्सकीय अवकाश पर हैं। उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दिन विद्यालय में मौजूद शिक्षिका की जिम्मेदारी थी कि छुट्टी से पहले सभी कक्षों की जांच कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करतीं। अब विभागीय जांच और कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
विज्ञापन

बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छुट्टी के बाद बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित किए बिना विद्यालय बंद करना कितनी बड़ी लापरवाही साबित हो सकता है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें