गड़वार। क्षेत्र के परसिया खुर्द गांव में शनिवार की देर रात में एक खेत में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा रखने के मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
बीते 30 नवंबर को परसिया खुर्द गांव के अमरनाथ राजभर और रवींद्र नाथ टैगोर के बीच 15 वर्षों से कोर्ट में विचाराधीन भूमि विवाद का हल कोर्ट के आदेश पर उपजिलाधिकारी सदर राजेश यादव और थाना प्रभारी राजीव सिंह ने कराया था। विवादित जमीन के बगल में रामप्रीत राम का खेत है। शनिवार की रात में कुछ लोगों ने आंबेडकर की प्रतिमा को इनके खेत में लाकर रख दिया। रविवार को सुबह जब रामप्रीत राम अपने खेत में गए तो देखा कि आंबेडकर की प्रतिमा रखी गई है। उन्होंने इसकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह और थाना प्रभारी राजीव सिह मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को गाड़ी में लादकर थाने लेकर चले आए। रामप्रीत राम ने तहरीर में गांव के 13 लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि विरोधियों द्वारा मेरी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से आंबेडकर की प्रतिमा रख दिया। थाना प्रभारी ने सभी आरोपियों के खिलाफ बलवा करने और अशांति पैदा करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।