बलिया। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को जाने से मारने की धमकी देने वाले युवक को गड़वार पुलिस ने रविवार को रतसर से गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी होते ही लखनऊ से जांच टीम बलिया के लिए रवाना हो गई है।
गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर ग्राम के गौरव सिंह राजपूत ने करीब दो दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दे दी। इसकी जानकारी होते ही लखनऊ खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गई। इस मामले में शनिवार को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। लखनऊ पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक बलिया को इसकी सूचना दी। इसके बाद गड़वार पुलिस ने सीओ सिटी के नेतृत्व में रविवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और लखनऊ मुख्यालय इसकी सूचना भेज दी। इस बाबत पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने बताया कि युवक के विरुद्ध लखनऊ में मुकदमा दर्ज है। वहां से सूचना मिली थी, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लखनऊ से आदेश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।