यूपी के बलिया जिले के नगरा थाने की पुलिस को वृद्ध की पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेज कर लगाई गई गुहार नागवार लगी। पुलिस ने शिकायत करने वाले वृद्ध को थाने लाकर हवालात में डाल दिया और शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। वृद्ध का परिवार पुलिस की धौंस से दहशत में है। इस मामले की शिकायत पर एडीजी वाराणसी ने वृद्ध के उत्पीड़न की जांच सीओ रसड़ा को सौंपी है।
नगरा थाना क्षेत्र के जुड़नपुर निवासी दीनानाथ वर्मा (70) ने पुलिस को पत्र भेजकर कर आरोप लगाया कि हल्का का एक सिपाही दबंगों के कहने पर काश्तकारी जमीन को रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहा है तथा धमकी भी दे रहा है। इन लोगों से मेरी जानमाल को खतरा है। वृद्ध का शिकायती पत्र थाने पर आते ही नगरा पुलिस ने जांच की बजाए आरोपी पुलिसकर्मी को ही वृद्ध को पकड़ने के लिए भेज दिया। इसके बाद वृद्ध और उसके लड़के को थाने लाने के बाद हवालात में बंद करते हुए शांति भंग में चालान कर दिया। वृद्ध के उत्पीड़न की जानकारी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता को हुई तो एडीजी वाराणसी को ट्विटर पर जानकारी दी। उन्होंने मामले की जांच सीओ रसड़ा को दी है।