नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से परीक्षा देने के बाद बाहर निकलते छात्र-छ
बलिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई। पहले दिन हाईस्कूल में गणित विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय से काफी पहले ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। केंद्रों पर सुरक्षा एवं पारदर्शिता के कड़े इंतजामों के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। हाईस्कूल में 9812 पंजीकृत थे।
शहर के माल्देपुर स्थित नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कुल 764 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें सात अनुपस्थिति रहे। प्रिंसपल शैंलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित हुई। जमुना राम मेमोरियल स्कूल मानपुर चितबड़ागांव में कुल 570 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। केंद्र अधीक्षक एवं प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। रेवती एकमात्र परीक्षा केंद्र मन:स्थली एजुकेशन सेंटर में कुल 298 में आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। केंद्र अधीक्षक चंद्र मोहन मिश्र और आब्जर्वर अजय कुमार पाण्डेय ने पूरे समय सतर्क रह कर परीक्षा को शुचिता पूर्वक सम्पन्न कराया। परीक्षा छूटने के बाद परीक्षार्थियों में हर्ष का माहौल रहा। गणित की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर अलग-अलग भाव देखने को मिले। शुरुआती घबराहट के बाद अधिकांश परीक्षार्थियों ने खुद को संभालते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ पेपर हल करने की बात कही।