गड़वार पुलिस से हुए मुठभेड के बाद पकड़ा गया पशु तस्करी के आरोपी युवक। पुलिस विभाग
बलिया/गड़वार। गड़वार थाना क्षेत्र में शनिवार की रात पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर सुगनी नट (32) घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक कारतूस बरामद हुआ है।
सीओ सिटी सतीश शर्मा ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात करीब 12:55 बजे गड़वार थानाध्यक्ष हितेश कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर एक संदिग्ध के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रतसड़ भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी के अपने साथियों के साथ मिलकर आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। आरोपी गड़वार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने एक दिन पूर्व गड़वार नहर पुलिया से एक पिकअप से 8 गोवंश बरामद किया और तस्कर को गिरफ्तार किया था।