Ballia News: नरही थाना का हिस्ट्रीशीटर व शातिर गो-तस्कर मदन मोहन पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर उसने फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में गो-तस्कर को गोली लगी।
बलिया जिले के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर व शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
क्या है मामला
एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि शिवरामपुर घाट रोड स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो से वांछित आरोपी मदन मोहन (27) निवासी इच्छा चौबे का पूरा, थाना नरही आ रहा है।
सूचना पर सक्रिय पुलिस टीम ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने स्कॉर्पियो से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
आरोपी थाना नरही का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध विभिन्न थाना पर गो तस्करी समेत कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की स्कॉर्पियो बरामद हुई। घायल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।