नरही पुलिस और पशु तस्करी के आरोपी युवक से हुई मुठभेड में घायल आरोपी को उपचार के लिए लेकर जाती प
बलिया। नरहीं पुलिस ने बुधवार की रात चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में गो तस्करी के आरोपी अजय पत्थरकट्टा को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गो तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नरहीं पुलिस रात में गश्त कर रही थी। नसीरपुर मठ किनारे पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे के पास बैठे गो तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार करने का प्रयास किया। अपने को पुलिस से घिरता देखकर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश अजय पत्थरकट्टा (26) निवासी कोठवा जलालपुर थाना अहरौला आजमगढ़ के बाएं पैर में गोली लगी।
बदमाश ने पूछताछ में बताया कि 12 नवंबर को 24 पशुओं को ट्रक पर लादकर बिहार लेकर जा रहा था। कुतुबपुर उजियार में ट्रक को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। लेकिन वह भीड़ के बीच में पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
घायल बदमाश अजय पत्थरकट्टा को सदर अस्पताल में इलाज के बाद न्यायालय में पेश किया गया। इसपर आजमगढ़ के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।