बीते दिन पूजा चौहान का शव मिलने के बाद मामले पर राजनीति गर्म है। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मृतका के परिवारजनों से मिला और शोक व्यक्त किया। सांसद सनातन पांडेया ने कहा कि प्रतिष्ठा बचाने के लिए पुलिस हत्या को आत्महत्या बता रही है। परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग को फिर से रखा है।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सरया गुलाब राय पहुंच कर मृतका पूजा चौहान के परिजनों से मिला। सांसद सनातन पांडेय व रमाशंकर राजभर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले मृतका के पिता चौकीदार धर्मराज चौहान व बहन नेहा से मिल कर घटना के संबंध में जानकारी ली।
विज्ञापन
पिता और बहन ने आरोप लगाया कि आत्महत्या की पुलिसिया कहानी घटना की लीपापोती करने व असली दोषियों को बचाने के लिए गढी गई है। परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग दोहराई। सपा सांसद सनातन पांडेय ने पत्रकारों से कहा कि अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए पुलिस हत्या की घटना को आत्महत्या का रूप दे रही है।
सांसद ने सवाल किया कि अपना हाथ स्वयं पीछे बांध कर कोई कैसे फांसी लगा सकता है। नगरा थानाध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक को हटा कर घटना की न्यायिक जांंच कराई जाए। सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि प्रदेश में झूठ की सरकार चल रही है। हम सबने इस मामले को सदन में भी उठाया है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय अध्यक्ष का जो भी निर्देश होगा समाजवादी पार्टी आगे का निर्णय लेगी। पूजा के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। सपा जिलाध्यक्ष एवं विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। विधायक जयप्रकाश अंचल, महेंद्र चौहान, बीरबल राम, उमाशंकर, रामदरश यादव क्रांति शामिल रहे।