बलिया। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को धमकी देने के मामले में सदर कोतवाली में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी देने का मामला सोशल मीडिया पर सोमवार को आया था। ओमप्रकाश के पुत्र व पार्टी के महासचिव अरुण राजभर ने करणी सेना के जिलाध्यक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया था। वहीं, करणी सेना के जिलाधक्ष कमलेश सिंह ने फर्जी आईडी से धमकी देने व जेड प्लस सुरक्षा लेने का आरोप लगाया था। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अंशु राजभर के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रसड़ा कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर करणी सेना के जिलाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।