नगरा। निरीक्षण के दौरान शाखा प्रबंधक, उप शाखा प्रबंधक एवं फील्ड आफिसर से गाली-गलौज और मारपीट करने तथा पिस्टल दिखाकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने मलप हरसेनपुर निवासी तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया हैै।
भारतीय स्टेट बैंक नगरा शाखा के प्रबंधक संजीव कुमार झा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बुधवार को उप शाखा प्रबंधक सुभाष चंद सक्सेना एवं फील्ड आफिसर विसर्जन राजभर के साथ मलप हरसेनपुर गांव में स्थित अनुराग इंटर प्राइजेज के यहां मैन्युफैक्चरिंग मशीन खरीदे जाने का निरीक्षण करने गए थे। अनुराग इंटर प्राइजेज की ओर से मैन्युफैक्चरिंग मशीन लगाने के लिए एसबीआई की शाखा से लोन लिया है। वहां अनुराग इंटर प्राइजेज के प्रोप्राइटर विपिन सिंह से मशीन आदि खरीदे जाने का कागज दिखाने को कहा तो उन्होंने कहा कि घर में बैठकर बात होगी। जब हम लोग घर के अंदर जाकर बात करने लगे और मशीन आदि खरीदे जाने के बिल की मांग करने लगे तो विपिन सिंह अचानक फील्ड आफिसर से झगड़ा करने लगा और भद्दी-भद्दी गाली देते हुए मारने पीटने लगा। इसके साथ ही अपने दो भाइयों को भी हम लोगों को मारने पीटने के लिए बुला लिया। इसके बाद पिस्टल निकाल कर हम लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगा। हम लोग किसी तरह वहां से जान बचा कर भागे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विपिन सिंह व उसके दो भाईयों के विरुद्ध लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने तथा धमकी देने का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।