बलिया। सदर कोतवाली के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की दलित महिला कर्मचारी के पति की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य अमित द्विवेदी, रेडियो अनुदेशक रवींद्र सिंह और विद्युत अनुदेशक धनंजय सिंह पर उत्पीड़न, एससीएसटी व धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि बिहार के सासाराम के पिपरी निवासी मिथिलेश कुमार ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि पत्नी अरुण कुमारी कार्यदेशक के पद पर कार्यरत हैं। 14 अक्तूबर को वह संस्थान में कार्य कर रही थीं तो रेडियो अनुदेशक रवींद्र सिंह और विद्युत अनुदेशक धनंजय सिंह आए।
जातिगत अपशब्द कहते हुए स्वैच्छिक सेवानिवृत्त लेने का दबाव बनाया। अरुण कुमारी ने इसकी शिकायत जब संस्थान के प्रधानाचार्य अमित द्विवेदी से की तो उन्होंने भी जातिगत अपशब्द कहते हुए फटकार लगाई। पत्नी को नौकरी न छोड़ने पर सीआर (कैरेक्टर रोल) खराब करने और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने कहा कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।