फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: कार रेसिंग ने आठ साल पुरानी दोस्ती को एक पल में रौंदा, किसी का इकलौता बेटा तो किसी का सुहाग छिना

विज्ञापन
नगरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक गौवापार के कुरुमपुरा टोला निवासी धनंजय कुमार। फाइल फोट
विज्ञापन
इंदरपुर/नगरा । किसी घर में बेटे की नौकरी मिलने की खुशी थी तो कहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की उम्मीदें पल रही थीं। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच चार जिगरी दोस्त एक साथ निकले थे। लेकिन एक सड़क हादसे ने चारों की जिंदगी एक साथ छीन ली। छठ महापर्व पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे परिवारों के आंगन में अब अपनों को खोने का दर्द है।
विज्ञापन

ग्रामीणों के मुताबिक, चारों युवक आठ साल से गहरे दोस्त थे। छठ महापर्व के लिए सभी गांव आए थे। मकसद था नौकरी की खुशी में पार्टी करना और कुछ पल साथ बिताना। अभिषेक को नौकरी मिलने की खुशी में सभी ने पार्टी करने की योजना बनाई थी। इसके बाद चारों दोस्त अन्य साथियों के साथ दो कारों से नगरा की ओर निकले थे। मालीपुर के नौरंगिया चट्टी पर नाश्ता करने के बाद आगे बढ़े तो दोनों कारों के बीच आगे निकलने की होड़ लग गई। इसी दौरान निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई।
जिस खुशी को साझा करने के लिए चारों दोस्त घर से निकले थे, वही सफर चार परिवारों के जीवन का सबसे बड़ा दुख बन गया। गांव की गलियों में चारों दोस्तों की दोस्ती के किस्से तो रहेंगे, लेकिन उन्हें सुनाने वाले अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। गौवापार के कुर्मी टोला में मातम पसर गया। जिन घरों में छठ के गीत गूंजने थे, वहां चीख-पुकार मच गई। रविवार को कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। संतान की दीर्घायु की कामना के लिए छठ व्रत की तैयारी कर रहीं मांओं को क्या पता था कि पर्व के बीच ही उनके आंगन में मातम छा जाएगा। किसी ने अपना इकलौता बेटा खो दिया तो किसी की नई-नई शादी की खुशियां उजड़ गईं। चारों दोस्तों के अधूरे सपनों ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
विज्ञापन


इकलौते बेटे अभिषेक को मिली थी नौकरी, फरवरी में हुई थी शादी
किसान पिता प्रमोद पटेल ने बताया कि अभिषेक उनकी इकलौती संतान थे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें आईआईएम उत्तराखंड में असिस्टेंट मैनेजर की नौकरी मिली थी। परिवार में बेटे की नौकरी और शादी की दोहरी खुशी थी। उनका विवाह 26 फरवरी को आकांक्षा से हुआ था। दिवाली और छठ पर घर आने के लिए उन्होंने छुट्टी ली थी। उनकी मां आशा देवी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। जिस बेटे के भविष्य को संवारने के लिए माता-पिता ने न जाने कितने सपने देखे थे, उसके असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत की खबर सुनकर नई नवेली दुल्हन आकांक्षा बेसुध हो गई। ससुराल में पहला छठ पर्व मनाने की उसकी सारी उम्मीदें एक पल में बिखर गईं।

हमरे सुगनवा पिंजड़वा छोड़ के कहां उड़ गइल हो दइबा...
पिता रामप्रकाश ने बताया कि धनंजय पटेल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह गांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने सुपर टेट की परीक्षा भी पास कर ली थी। मां हंसा देवी गृहस्थी संभालते हैं। बड़े भाई विनय कुमार बाहर नौकरी करते हैं, जबकि मंझले भाई अजय कुमार घर की जिम्मेदारियों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। बेटे की मौत के बाद मां हंसा देवी का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। वह बार-बार कह रही थीं, हमरे सुगनवा पिंजड़वा छोड़ के कहां उड़ गइल हो दइबा... । बेटे के भविष्य को लेकर देखे गए उनके सपने पलभर में बिखर गए।

चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे गोलू, परिवार को थी भविष्य की उम्मीद
पिता कमलेश ठाकुर ने बिलखते हुए बताया कि गोलू चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। वे खेती-बारी करते हैं, जबकि मां शारदा देवी गृहिणी हैं। परिवार में बड़े भाई अंजनी (30), दूसरे भाई राजू कुमार (28) और बहन रंजन (26) के बाद गोलू सबसे छोटे थे। उन्होंने आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर ली थी और आगे की तैयारी में जुटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा जल्द अपने पैरों पर खड़ा होगा और घर की जिम्मेदारी संभालेगा, लेकिन हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदें तोड़ दीं।

लेखपाल बनने का सपना देख रहे थे कुणाल
कुणाल पासवान चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लेखपाल भर्ती की तैयारी कर रहे थे। मां शीला बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ गृहस्थी संभालते हैं। परिवार में बड़ी बहन सुमन (25), कुणाल, छोटी बहन पूनम (18) और सबसे छोटा भाई कौशल (13) है। परिवार को उम्मीद थी कि कुणाल की मेहनत एक दिन रंग लाएगी और वह घर का सहारा बनेंगे, लेकिन अब परिवार के पास उनकी यादें ही शेष रह गई हैं।

नगरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक गौवापार के कुरुमपुरा टोला निवासी धनंजय कुमार। फाइल फोट

नगरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक गौवापार के कुरुमपुरा टोला निवासी धनंजय कुमार। फाइल फोट

नगरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक गौवापार के कुरुमपुरा टोला निवासी धनंजय कुमार। फाइल फोट

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें