नगरा। नगरा-सिकंदरपुर मार्ग के जुड़नपुर चट्टी के पास शुक्रवार की सुबह पिकअप गाड़ी को बचाने के प्रयास में स्विफ्ट कार सड़क किनारे पलट गई। जिसमें कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नगरा थाना क्षेत्र के भाउपुर गांव निवासी दिलीप (25), अमित कुमार (18) तथा अंकित कुमार (20) किसी काम से कार से नगरा की तरफ आ रहे थे। इसी बीच जुड़नपुर चट्टी के समीप नगरा के तरफ से जा रही पिकअप को बचाने में कार सड़क किनारे पलट गई, जिससे कार में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया तथा बाकी दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।