बलिया। चीन के मांझे की घटनाओं को देखते हुए शुक्रवार को सभी थाना क्षेत्रों में इसके खिलाफ अभियान चलाया गया। नगरा में चीने मांझा बेचने वाले एक आरोपी, थाना क्षेत्र चितबड़ागांव में एक आरोपी व थाना क्षेत्र सिकंदरपुर में चीनी मांझा बेचने के आरोपी को मिलाकर कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की गई।
अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र के जंगे अली मोहल्ला ऑक्डेनगंज में एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर के नेतृत्व में कोतवाली निरीक्षक क्षितिज त्रिपाठी, ओक्डेनगंज प्रभारी सौरभ सिंह, चौकी प्रभारी जापलिनगंज पुलिस टीम के साथ पतंग व मांझा बेचने वाली दुकानों की जांच की गई। इस दौरान किसी भी दुकान पर चीन का मांझा नहीं मिला। दुकानदारों को अभियान संबंधित दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान बच्चों को सुरक्षित भारतीय मांझे से पतंग उड़ाने की प्रेरणा दी गई। बच्चों और अभिभावकों से अपील की गई कि सुरक्षा का ध्यान रखें और चीन के मांझे का प्रयोग न करें। एएसपी ने कहा कि चीनी मांझा मानव जीवन के लिए खतरनाक है। इसके निर्माण, बिक्री और उपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।