ददरी मेला में किलो से कंबल बेचने की दी जा रही जानकारी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। ददरी मेले में लुधियाना से आए व्यापारी काफी सस्ते दर में लोगों को कंबल मुहैया करा रहे हैं जबकि अलीगढ़ के व्यापारी किलो के भाव में कंबल बेच रहे हैं। अल्ट्रा कंबल का रेट 350 रुपये तो सुपर साफ्ट कंबल 400 रुपये किलो की दर से बेचा जा रहा है। इसकी खरीदारी के लिए ग्राहक उमड़ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि मेले कंबल की मांग अधिक रहती है। ददरी मेला में इस बार भी बहुत ग्राहक नहीं आ रहे हैं लेकिन उम्मीद है कि दूसरे रविवार से भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी।
अलीगढ़ से आए शनी सिंह और पप्पू ने बताया कि वे लुधियाना की कंपनी से किलो के हिसाब से ही कंबल खरीदते हैं और देश के विभिन्न मेला में जाकर बेचते हैं। दोनों ने बताया कि वे इलाहाबाद माघ मेला के साथ ही सोनपुर मेला में भी जाते हैं। इसमें ददरी मेला की अपनी अलग ही पहचान है। हालांकि अभी बहुत ग्राहक नहीं आ रहे, लेकिन यहां हर बार ऐसा ही होता है। पहले लगता है कि यहां आकर गलती की और अचानक लोगों की भीड़ आनी शुरू होती है तो प्रशासन को मजबूर होकर मेला के समापन की डेट आगे बढ़ानी पड़ जाती है। जय प्रकाश व संजय ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी मेला जमेगा। हालांकि इस बार उन्होंने मेला के अंत में बनाए गए गोलंबर को लेकर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां बहुत बड़ा गोलबंर बनाया जाता था और ये एक चौराहे के रूप में होता था, जिसके बीच में खाने पीने के सामानों की दुकानें लगती थीं। इसकी वजह से लोग इधर आते थे और हमारी दुकानदारी भी बढ़ जाती थी लेकिन इस बार दुकानें बढ़ाने के लालच में नगर पालिका ने गोलबंर का साइज छोटा कर दिया है और खाने पीने के सामानों के दुकान लगे ही नहीं हैं, इस वजह से भी इधर कम ग्राहक आ रहे हैं।