जेएनसीयू में आयोजित फ्रेशर पार्टी में शामिल छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण। विवि
- फोटो : ARchive
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के राजनीति विज्ञान विभाग में एमए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के अंत में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा बुसरा वारसी को मिस फ्रेशर और मनोज कुमार चौरसिया को मिस्टर फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों, नवप्रवेशित विद्यार्थियों और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नवागंतुक विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें बेहतर शैक्षणिक भविष्य तथा सफल कॅरिअर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से समारोह को यादगार बनाया।
इस अवसर पर विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. रजनी चौबे, डॉ. अनुराधा राय और शिक्षक डॉ. छबिलाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में अनुशासन, निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। विद्यार्थियों ने भी विभाग और शिक्षकों के प्रति अपने अनुभव साझा किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के संयोजन में तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी अर्जुन यादव, अभिषेक कुमार चौबे, विशाल यादव, सतीश कुमार रजक, शुभम सिंह और अभिषेक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।