बेल्थरारोड/रसड़ा। स्थानीय बस स्टेशन का नाम पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाम पर किया गया है। अब यह स्टेशन जननायक चंद्रशेखर बस स्टेशन बेल्थरारोड के नाम से जाना जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का पैतृक ग्राम इब्राहिमपट्टी बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। बलिया बस स्टेशन का नाम महर्षि भृगु के नाम पर किया गया है। बेल्थरारोड डिपो के एआरएम राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह नामकरण आजादी के अमृत महोत्सव कार्य-योजना का हिस्सा है। वर्ष 2021 में शासन ने प्रदेश के सभी बस अड्डों का नाम स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया था। इस क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक की गई थी, जिसमें प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। शासन से स्वीकृति के बाद यह नामकरण किया गया है। जननायक चंद्रशेखर अपनी सादगी, स्पष्ट विचारधारा और सिद्धांतों की राजनीति के लिए जाने जाते थे। उनके नाम पर बस स्टेशन का नामकरण होने से क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी और लोगों को उनके योगदान से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। नामकरण के बाद बस स्टेशन से संबंधित अभिलेखों, संकेत बोर्डों व अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं को अद्यतन किया जाएगा। इसी तरीके से रसड़ा बस स्टेशन का लोकनायक जयप्रकाश नारायण बस स्टेशन रसड़ा किया गया है। दोनों स्थानों पर बोर्ड भी लगा दिया गया है। बलिया बस स्टेशन का नाम महर्षि भृगु के नाम पर किया गया है।