बलिया। सीयर ब्लॉक का हल्दीरामपुर गांव एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला नवीन परती की जमीन पर गरीबों को बसाने के नाम पर अवैध कब्जा कराने का है। इसमें वर्तमान ग्राम प्रधान समेत 31 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। लेखपाल प्रदीप कुमार की तहरीर पर उभांव थाने में रविवार देर शाम एफआईआर दर्ज की गई।
आरोप है कि गांव की 0.322 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है। उस पर जानबूझकर अवैध कब्जा कराया गया। इस गाटा संख्या पर पूर्व प्रधान की ओर से पहले आवास का आवंटन किया गया था, जिसे जिलाधिकारी न्यायालय ने जुलाई 2023 में निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद आरोपितों ने नए सिरे से मड़ई और बांस-बल्ली की घेराबंदी कर झोपड़ियां खड़ी कर दीं। तहसीलदार के निर्देश पर जब राजस्व टीम कब्जा हटाने पहुंची तो वर्तमान प्रधान की पहल पर झोपड़ियां डालकर सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए रखा। इससे प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
-
इनको बनाया गया आरोपी
इस मामले में प्रधान अनंतदेव सिंह यादव, वीर बहादुर, अवधेश, चंद्रिका, सोनू, दिनेश, राकेश, गणेश, धर्मेंद्र, अजय, रामआशीष, सलेंद्र, कन्हैया, रामविलास, लालमुनी, श्यामदेव, उषा, सवरु, रामजी, सुधु राजभर, छोटेलाल राजभर, अमरनाथ, राजेश, मंजू, मुन्नी, रुकमणी देवी, यशवंत, बुचिया देवी, ध्रुवपति, रमिता और मेवाती देवी समेत कुल 31 लोगों को सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत आरोपी बनाया गया है।
मुकदमे का भय रखने वाले जनसेवा नहीं कर सकते : प्रधान
नवीन परती पर अवैध कब्जा कराने के आरोपी हल्दीरामपुर ग्राम पंचायत के प्रधान अनंतदेव सिंह उर्फ टाइगर ने कहा कि राजनीति और समाजसेवा में मुकदमा होना सामान्य बात है। इससे घबराने वाले जनसेवा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को मकान और जमीन दिलवाने तक वे पीछे नहीं हटने वाले। नवीन परती पर बसने वाले सभी गरीब और बेसहारा हैं। उनके लिए हर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं।