एक्साइज ड्यूटी और दो लाख के गहनों की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता के विरोध में सराफा कारोबारियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जिला स्वर्णकार संघ की ओर से ओक्डेनगंज स्थित लक्ष्मी मार्केट से एक विशाल जुलूस निकाला गया। व्यापारियों ने हुंकार भरी कि सरकार जल्द निर्णय वापस नहीं लेती है तो जाट आंदोलन की तरह एक और आंदोलन झेलना पड़ेगा।
जुलूस लक्ष्मी मार्केट से शुरू होकर शहर के चौक, गुदरी बाजार, लोहापट्टी, सिनेमा रोड, मालगोदाम रोड, स्टेशन रोड, टाउन हाल होते हुए पुन: प्रारंभ स्थल पर आकर समाप्त हुआ। वहीं पर कारोबारियों ने सभा की। सभा को संबोधित करते हुए घनश्याम दास जौहरी ने कहा कि आज से मशाल जुलूस से नए आंदोलन का आगाज हुआ है।
व्यापारी नेता अरविंद गांधी ने कहा कि अब ये आंदोलन केवल सराफा व्यापारियों का आंदोलन नहीं बल्कि सभी व्यापारियों का बन गया है। व्यापारी अब एकता और ताकत का परिचय देंगे। इस मौके पर आलोक गुप्त, राधेश्याम वर्मा, अजय सोनी, सतीश मराठा आदि रहे।