जनतांत्रिक प्रणाली में जनता के चुने प्रतिनिधि देश एवं समाज के विकास की योजनाओं को संचालित करते हैं। विद्वानों की धरती बलिया में विश्वविद्यालय की स्थापना एक सुखद एहसास है। ये बातें कबीना मंत्री रामगोविंद चौधरी ने शनिवार को स्नातकोत्तर महाविद्यालय बांसडीह के प्रांगण में अपने अभिनंदन समारोह में कही।
कहा कि प्रदेश के मुखिया अखिलेश यादव की सोच और समाजवादी पार्टी के नेताओं के प्रयास से जनपद की सड़कें सहित विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना बजट सत्र में ही घोषित कर दी गई है, ये िजलेे लिए उपलब्धि है। कहा कि पहले नौकरी अधिक थी, तो पढे़-लिखे कम थे।
आज ठीक उसका उल्टा हो गया है। आज नौकरी कम है और पढ़े-लिखे लोग ज्यादा हैं। सपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उधर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार सिंह ने कहा कि जिसका मन एवं स्वाभिमान बड़ा होता है, वहीं बागी होता है और बागी व्यक्ति ही महान कार्य को अंजाम देता है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी त्रिज्या बढ़ाने की बात कही। ताकि बड़े वृत्त का निर्माण हो सके। कहा कि बलिया में विश्वविद्यालय और स्पोर्टस कॉलेज को धरातल पर लाना बहुत बड़ी बात है। इसके लिए जनपदवासियों की तरफ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आभार जताया।
इस मौके पर द्वारिका प्रसाद सिन्हा महिला महाविद्यालय के प्रबंधक अभिषेक सिन्हा, डा. जनार्दन राय, वीरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, श्याम बहादुर सिंह, हरेंद्र सिंह, नागेंद्र बहादुर सिंह, कान्हजी, विजय गुल्लर आदि लोग मौजूद रहे। संचालन डा. अखिलेश राय ने किया। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री डा. विनोद सिंह ने किया। प्रबंधक लल्लन सिंह ने आभार जताया।