टेलीकाम कैजुवल एंड कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की जिला इकाई के सदस्यों ने 72 घंटे की भूख हड़ताल के आह्वान पर उपवास रखा और दूरसंचार कार्यालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।
इस दौरान अपनी एकजुटता का जोरदार प्रदर्शन करते हुए कहा कि श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन कराया जाय। इस मौके पर वक्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की।
यूनियर के सचिव शिवबहादुर ने कहा कि बीएसएनएल में कार्यरत मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी तय किया जाय। कहा कि मजदूरी का भुगतान भी यथाशीघ्र कराया जाय। कैजुवल एवं कार्यरत मजदूरों की ईपीएफ, ईएसआई एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाय।
बीएसएनएल में कई वर्षों से पार्ट-टाइम तथा तैनात मजदूरों की छंटनी पर रोक लगे और निकाले गए मजदूरों को पुन: काम पर वापस लिया जाय। चेताया कि हमारी छह सूत्री मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हम बाध्य होकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इसकी सूचना विभाग के साथ ही श्रम विभाग के आला अधिकारियों को भेज दी गई है। इस मौके पर शिवबहादुर, मदन राम, रामबहादुर, अवधेश पाठक, सुग्रीव भूख हड़ताल पर बैठे रहे।
धरना सभा में मुख्य रूप से रवि कुमार, बच्चाजी, रामलाल साह, उमाशंकर, वीरेंद्र वर्मा, अमरेश शर्मा, राजकुमार, शिवशंकर, शिवजी, रामप्रताप, मुंसी चौहान सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता सुखनराम तथा एचएन पांडेय ने किया।