बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए आयुष्मान कार्ड शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया, लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पात्र लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों सहित योजना के पात्र अन्य लोगों का आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाया जा रहा है। पात्र व्यक्ति जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में पहुंचकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं और महज पांच मिनट में आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लें। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत उपचार की सुविधा मिलती है। ऐसे में पात्र लोगों को समय रहते कार्ड बनवा लेना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
डीएम ने बताया कि जनपद वर्तमान में आईजीआरएस में 11वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। जनसुनवाई में आने वाले पात्र लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जिले के पात्र नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाने की अपील की।