जिले को बिहार के बक्सर से जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु का मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है। इसके मद्देनजर बक्सर जिला प्रशासन ने सेतु पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
वाहनों को रोकने के लिए दोनों तरफ लगे एंगल की ऊंचाई कम कर दी गई है। काम में लगे इंजीनियरों की माने तो ढलाई शुरू होने पर 20 दिनों तक आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
पुल पर भारी वाहन न जाए इसके लिए बक्सर सेतु के पास 24 घंटे अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुल मरम्मत में जुटे मजदूरों का कहना है कि वर्तमान में पुल के ज्वाइंट तक लगे प्लेट को निकाला जा रहा है।
गुरुवार को लोहे का एंगल की ऊंचाई सात फीट कर देने के बाद सिर्फ सवारी गाड़ियां ही आ जा पा रही हैं। वहीं अब अगर बड़े वाहनों को बक्सर जाने के लिए गाजीपुर होकर जाना पड़ेगा।
इस पर उन्हें करीब 70 किमी की दूरी तय करनी पड़ेगी। भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लग जाने के कारण बालू के दाम पर उछाल आ सकता है।
क्योंकि इस पार बसे बिल्डिंग मैटेरियल विक्रेता को पुल के उस पार अर्थात बिहार से बालू लाने के लिए छोटे वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा।
वहीं लगन के दिनों में शादी व अन्य कार्यों को लेकर बक्सर-बलिया आने-जाने वाले लोगों का रेला लगा रहता है। ऐसे में यदि पुल पर आवाजाही बंद हो जाती है, तो लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।