बलिया जिले में ई-रिक्शा छोड़ने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया। शोरूम में टक्कर के बाद ई-रिक्शा पकड़ी गई थी।
बलिया जिले में हादसे में पकड़ी गई ई-रिक्शा को समझौते के बाद भी छोड़ने के लिए रिश्वत मांगने के मामले में एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। उन्हें कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता का दोषी माना दया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर की इस कार्रवाई से विभागीय गलियारे में हड़कम्प मचा है।
विज्ञापन
यह है मामला
14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे क्रासिंग के समीप एक शोरूम में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर टकरा गया था। इसकी सूचना पर उक्त ई-रिक्शा को पुलिस चौकी सिविल लाइन में लाकर खड़ी कर दिया गया था। बाद में शोरूम के मालिक ने ई-रिक्शा के मालिक से समझौता कर लिया। इसके बावजूद ई-रिक्शा छोड़ने के नाम पर रिश्वत की मांग करने और अनावश्यक रूप से पुलिस चौकी सिविल लाइन पर उसको रोके रखा गया।
कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में आरक्षी आशीष सैनी एवं आरक्षी सौरभ कुमार तिवारी को पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।