बांसडीह रोड। रेलवे स्टेशन के समीप वाराणसी-छपरा रेल खंड स्थित फाटक फाइव सी फाटक (बूम) बुधवार की शाम जीप की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे होम सिग्नल पर डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस करीब 10 मिनट तक रुकी रही। गेटमैन के स्लाइडर खींचकर क्रॉसिंग बंद करने के बाद ट्रेन को रवाना किया। मुख्यालय से पहुंची सिग्नल विभाग की टीम ने बूम की मरम्मत की। सूचना पर पहुंची आरपीएफ जीप की तलाश में जुट गई।
बुधवार की शाम डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस करीब 2.55 बजे बलिया से छपरा के तरफ जाने के लिए खुली। बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन मास्टर ने फाइव सी क्रॉसिंग को बंद कराने के लिए गेटमैन आदित्य कुमार पाल को सूचना दी। गेटमैन रेलवे फाटक (बूम) को बंद करने लगा। इसी बीच बलिया से सहतवार के तरफ जा रही जीप ने बूम में जोरदार टक्कर मार दी और भाग गया। किसी ने भाग रहे जीप का नंबर नोट कर लिया। उधर होम सिग्नल पर डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस खड़ी हो गई। बूम टूटने के बाद गेटमैन ने स्वाइडर खींचकर क्रॉसिंग को बंद किया। उसके 10 मिनट बाद गरीब नवाज एक्सप्रेस रवाना हुई। जीआरपी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जीप चालक की खोजबीन शुरू कर दी। बलिया से पहुंचे सिग्नल विभाग की टीम के करीब दो घंटे मशक्कत के बाद बूम ठीक किया। बूम क्षतिग्रस्त होने से क्रॉसिंग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।