इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के इंदासो अमडरिया निवासी रजनीकांत पांडेय का शव 22 अक्तूबर को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर मिला। बंगलुरु से वाराणसी आने के दौरान वह लापता हो गए थे।
परिजनों ने बाबतपुर थाना पुलिस और जीआरपी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। युवक के भाई अरुण कुमार पांडेय की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रजनीकांत 21 अक्तूबर को बंगलुरु से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे।
वाराणसी पहुंचने से पहले दोपहर करीब 2:14 बजे उनकी परिजनों से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने वाराणसी पहुंचने और फिर बात करने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों का संपर्क नहीं हो सका।
काफी देर तक फोन नहीं आने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। 22 अक्तूबर को परिजन उनकी तलाश में घर से निकले और बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि वह एयरपोर्ट से निकल चुके हैं। आसपास खोजबीन करने के बाद परिजन बाबतपुर थाने पहुंचे और गुमशुदगी की सूचना देने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्हें सुबह आकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया।
परिजनों के मुताबिक, उसी रात जीआरपी की ओर से युवक के ससुराल वालों को फोन कर वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर एक शव मिलने की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन वाराणसी सिटी स्टेशन पहुंचे।
ससुराल वालों का आरोप है कि एयरपोर्ट से निकलने के बाद युवक के साथ क्या हुआ और रेलवे स्टेशन तक वह किन परिस्थितियों में पहुंचे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। परिजनों ने बाबतपुर पुलिस, रेलवे और जीआरपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
नगरा थाना के एसओ संजय मिश्र ने बताया कि घटना वाराणसी में हुइ है। परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।