बैरिया। क्षेत्र के कोटवा गांव के निकट काली मंदिर के पास खेत में शुक्रवार की सुबह मनीष पासवान (23) निवासी गोन्हिया छपरा का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक के पिता इंद्रजीत पासवान ने शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि वह पूर्व मध्य रेलवे के किशनगंज के निकट थान हाॅल्ट स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात हैं। मनीष मेरे साथ ही रहता था लेकिन चार दिन पहले वह बिना बताए गांव आ गया था। इंद्रजीत पासवान ने बताया कि वह मूल रूप से गोन्हिया छपरा के रहने वाले हैं, लेकिन उन्होंने गोन्हिया छपरा से सटे बैजनाथ छपरा में जमीन खरीदकर मकान बनाया है।
उन्होंने कहा कि मनीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह कोटवा गांव के खेत में कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। परिजनों के अनुसार मनीष चार भाइयों में सबसे छोटा था। उन्होंने यह भी बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर था। घटना की सूचना मिलने पर युवक के बड़े भाई राधेश्याम पासवान गांव पहुंच गए हैं। थाना प्रभारी आरपी सिंह के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी होगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
भाखर गांव में दो दिन से लापता युवक का शव मिला
रेवती। भाखर गांव में शुक्रवार को एक 35 वर्षीय युवक का शव मिला। वह युवक दो दिन से लापता था। गांव के कुछ बच्चे बाग में जामुन जुटा रहे थे तभी शव पर नजर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाकर गांव वालों को सूचना दी। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक के भाई विनोद पाठक ने शव की शिनाख्त रिंकू पाठक के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि रिंकू दो दिन से घर से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद
खेत में मिले शव की खबर में जोड़ ...
केस 01 :
बांसडीह कोतवाली के मैरिटार- नारायणपुर मार्ग के मझोष नाथ मंदिर के समीप खेत की गड़ही में मई माह में सरपत में 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। शव का चेहरा सड़ने के कारण पहचान नहीं हो सकी।
केस 02 :
सुखपुरा थाना क्षेत्र के भलूही गांव में 23 अप्रैल को बगीचे में आम के पेड़ पर गमछे के फंदे पर सुनील चौहान (35) का शव लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि आर्थिक रूप से परेशान होने के कारण कुछ समय से सुनील की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। दो बच्चों व पत्नी भरण करने में समस्या हो रही थी, इसको लेकर काफी परेशान थे।
केस 03 :
भीमपुरा थाना के सिकंदरापुर गेट के समीप प्राथमिक विद्यालय के पीछे बांस के झुरमुट में 20 जून को डब्लू सिंह (40) निवासी डुमरी सहतवार का शव पड़ा मिला। क्षेत्र में एक दाह संस्कार में शामिल होने को आए थे, सिर में चोट लगने से मौत हो गई थी।
-
केस 04 :
सदर कोतवाली के जनेश्वर मिश्र सेतु के एप्रोच मार्ग के नीचे शिवपुर दियर में झूरमूट में 24 मई को एक अज्ञात महिला का शव मिला, उसकी शिनाख्त प्रीति निवासी रेवती के रूप में हुई। पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर पानी में नशीला पदार्थ पिला कर हत्या कर शव को फेंक दिया था।
अज्ञात शव मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस में उसका शव रखकर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया जाता है। इस बीच सोशल मीडिया से लेकर आसपास के थाना के गुमशुदा लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाती है और अज्ञात व्यक्ति की तस्वीर भेजी जाती है। तय समय के बाद भी परिजनों के न आने पर दाह संस्कार करवाया जाता है। उसके कपड़े या अन्य निशानी रखी जाती है। - संजय वर्मा, एएसपी दक्षिणी।