पकड़ी थाना क्षेत्र के रतसी मेहमापुर निवासी मृतक निशु गुप्ता। फाइल फोटो, परिजन
पकड़ी थाना क्षेत्र के तेलियान पोखरा के पास मंगलवार की सुबह पेड़ की डाल से 19 वर्षीय युवक का शव लटकता मिला। शव की पहचान रतसी मेहमापुर निवासी निशु गुप्ता पुत्र संदीप गुप्ता के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पिता संदीप गुप्ता के अनुसार, निशु शाम करीब सात बजे घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के पास तेलियान पोखरा के किनारे पेड़ की डाल से शव लटके होने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर पहुंचे।
निशु तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह इंदरपुर स्थित अपने चाचा की राइस मिल पर काम करता था और छठ पूजा के लिए घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, छठ के दिन किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय परिवार के अन्य सदस्य पूजा के लिए घाट पर गए थे। देर शाम लौटने पर निशु घर पर नहीं मिला। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
पकड़ी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि परिजनों से जानकारी लेने के साथ घटनास्थल की जांच की गई। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।