शहर से सटे परिखरा स्थित टाउन पॉलिटेक्निक के हॉस्टल कैंपस में रविवार की सुबह खून से लथपथ एक महिला का शव पड़ा था। इसकी सूचना पालिटेक्निक के गार्ड ने अपने डायरेक्टर को दिया। डायरेक्टर की सूचना पर एसपी डॉ. ताडा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। महिला की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है। ग्रामीणों की मानें तो बदमाशों ने महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां फेंक दिया होगा। एसपी ने बताया कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। घटना स्थल के मुख्य मार्गो पर लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी देखा जाएगा। इसके अलावा पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।