रेवती। नगर के उत्तरी छोर पर स्थित वाणीगढ़ के पास रेवती-दतहां मार्ग स्थित पुलिया के नाले में मंगलवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव उतराया मिला। उसकी शिनाख्त नगर के वार्ड छह निवासी लालजी साहनी उर्फ लंगड़ पुत्र शंकर साहनी के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
लालजी सोमवार की शाम से ही घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश किया, लेकिन देर रात तक पता नहीं चल पाया। मंगलवार की सुबह रेवती-दतहां मार्ग पर किसी ने पुलिया के नाले में शव उतराया देखा तो भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। लालजी मानसिक रूप से बीमार था। चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। मृतक की मां गंगेशश्वरी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।