रेवती। नगर के समाजसेवी राजेश गुप्ता के साथ पुलिस पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा सोमवार की सुबह भाजपा नेता अजय शंकर उर्फ कनक पांडेय, जिला पंचायत सदस्य विनय कुमार मिश्र कार्यकर्ताओं के साथ थाने में धरने पर बैठ गए।
करीब साढ़े तीन घंटे के बाद एएसपी संजय कुमार से मोबाइल पर दो दिन के अंदर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ। नगर के समाजसेवी राजेश गुप्ता की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री सुदिष्ट बाबा महाविद्यालय से परीक्षा देकर अपनी मां और बहन के साथ बोलेरो से रेवती आ रही थी। इसी बीच रास्ते में कार सवार नशे में धुत्त तीन लोगों ने बोलेरो को ओवरटेक कर अभद्रता की।
प्रकरण में थाने के एसआई ने मुझे थाने पर बुलाकर सुलह का दबाव बनाया। मना करने पर थाने में प्रभारी निरीक्षक के साथ अन्य पुलिकर्मियों ने मुझे मारपीट कर थाने में बंद कर दिया गया। वहीं, प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि किसी के साथ अभद्रता अथवा मारपीट नहीं की गई है। सोमवार को भाजापाई आरोपी पुलिसकर्मियों को थाने से हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
थाने पहुंचे सीओ बैरिया राजेश कुमार तिवारी ने भाजपा नेता को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। करीब साढ़े तीन घंटे बाद सीओ बैरिया ने एएसपी से कनक पांडेय की बातचीत कराई। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
चेताया कि अगर दो दिन के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ताओं के साथ थाना रेवती में आमरण अनशन पर बैठूंगा। उधर आरोपी कारचालक ने भी राजेश गुप्ता पर मारने पीटने, आभूषण और 20 हजार नगद छीनने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, राजेश गुप्ता को थाने में बंद रखने के विरोध में कस्बा स्थित बाजार आंशिक रूप से बंद रहा।