सिकंदरपुर। भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक संजय यादव को लाव-लश्कर के साथ नामांकन करना भारी पड़ गया। ढाई दर्जन वाहनों के काफिले के साथ निकले विधायक समेत पांच दर्जन अज्ञात समर्थकों के खिलाफ सोमवार की देर शाम सिकन्दरपुर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया है।
सोमवार को दोपहर बाद नामांकन को निकले भाजपा विधायक संजय यादव समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ परचा भरने निकले थे। जबकि नामांकन में सिर्फ दो ही वाहनों को परमिशन है। करमौता स्थित अपने आवास से वाहनों के लंबे काफिले के साथ निकले संजय यादव न सिर्फ नगर स्थित जलपा मंदिर में पूजन अर्चन किया, बल्कि पर्चा भरने के लिए जिला मुख्यालय भी रवाना हो गए। करीब दो दर्जन वाहनों पर सैकड़ों की संख्या में समर्थकों के साथ निकले भाजपा उम्मीदवार पर उड़नदस्ते की नजर पड़ गई। शाम को उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट अनिल वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
आचार संहिता के उल्लंघन में भाजपा विधायक समेत कई पर एफआईआर
बैरिया। स्थानीय पुलिस ने विधायक सुरेंद्र सिंह सहित सात जअन्य और 1000 अज्ञात लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बैरिया देवराज ब्रह्म मोड़ पर विधायक सुरेंद्र सिंह के समर्थन हजारों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी। एनएच 31 पूरी तरीके से जाम हो गया था। देर शाम बैरिया पुलिस ने विधायक सुरेंद्र सिंह सहित सात नामजद व एक हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 341, 188 कोविड महामारी अधिनियम 3 तथा 171एच अंतर्गत केस दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक मिश्र ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्देशित नियमों, बैरिया लालगंज मार्ग कथा देवराज ब्रह्म मोड़ से बैरिया तिराहे तक एनएच पर जाम लगाने एवं कोविड-19 गाइडलाइन का पालन न करने में केस दर्ज किया गया है। ।