सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कृषि कानून के मामले में ब्रिटिश हुकूमत की याद ताजा कर दी है, जो ठीक इसी तरह अपने कानूनों को जनता पर थोप देती थी। बुधवार को बांसडीह विधान सभा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए नगर पंचायत बांसडीह में उन्होंने समाजसेवी युदनाथ सिंह के आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना कॉल में समाजवादी पार्टी सरकार के साथ थी। अभी आम जनमानस लॉकडाउन व संक्रमण से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया कि सरकार जबरदस्ती कृषि कानून किसानों पर थोपना चाहती है। इनके रवैये ने ब्रिटिश हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है।
सरकार की तानाशाही देखकर अंग्रेजों के शासन काल की याद आ रही है। इस सरकार को आम जनमानस से कोई सरोकार नहीं है, न ही यह किसानों का भला कर सकती है। यह सरकार जिद में देश को फिर गुलाम बनाना चाहती है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह, अशोक कुमार यादव, लल्लन भाई, वैसाखी, संकल्प सिंह, कौशल कुमार पांडेय, दिग्विजय सिंह, छोटू, पिंटू सिंह आदि उपस्थित रहे।