फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: गाजीपुर-बलिया में गिलहरी और कई पक्षियों के मरने से लोगों में बर्ड फ्लू की दहशत

Tue, 12 Jan 2021 01:03 PM IST
गीतार्जुन गौतम अमर उजाला नेटवर्क, बलिया/गाजीपुर
विज्ञापन
गिलहरी और कौवों के शव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पूर्वांचल में भी बर्ड फ्लू का खतरा मंडराने लगा है। मंगलवार की सुबह बलिया जिले में तीन पक्षियों के मरने से लोग सहम गए हैं, वहीं गाजीपुर जिले में भी गिलहरी और पक्षियों के मरने से लोग बर्ड फ्लू की आशंका जता रहे हैं।

विज्ञापन


धर्मापुर। बर्ड फ्लू की आशंकाओं के बीच मंगलवार की सुबह भदेवरा गांव में एक साथ तीन पक्षियों के मृत मिलने से लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों ने पक्षियों के शव को घेरकर पशुपालन विभाग को सूचना दी है। विभागीय टीम छानबीन में जुट गई है।

बलिया जिले के मुफ्तीगंज ब्लॉक के भदेवरा गांव निवासी महेंद्र सिंह के द्वार पर तड़के सुबह लोगों ने तीन पक्षियों (मैना) के शव देखे। परिवार के लोगों ने ग्राम प्रधान सत्यानंद चौबे को सूचना दी। प्रधान ने तीनों मृत पक्षियों को सबसे पहले घेरे में करवा दिया और उसके पास जाने से सबको मना किया। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी मुफ्तीगंज व कंट्रोल रूम में सूचना दी।

विज्ञापन

ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत बना हुआ है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पक्षियों के शव को जांच के लिए भेजा जा रहा है। ठंड से भी मौत हो सकती है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा। सतर्कता बरती जा रही है।

गाजीपुर में दो कौआ, तीन गिलहरी व दो गौरैया के मरने से दहशत
गाजीपुर जिले के करंडा विकास खंड के दीनापुर प्राथमिक विद्यालय के पास बगीचे में मंगलवार की सुबह तीन गिलहरी, दो कौवे और दो गौरैया के मृत मिलने से लोगों में बर्ड फ्लू का दहशत कायम है। लोगों ने इनके मरने की सूचना जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग को दी। लेकिन कई घंटे बाद भी पक्षियों को देखने कोई नहीं पहुंचा था। ग्रामीणों का का कहना है कि अब पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
विज्ञापन

क्या है बर्ड फ्लू
एवियन इन्फ्लूएंजा(एच5, एन1) वायरस को बर्ड फ्लू भी कहते हैं। इसका संक्रमण पक्षियों के साथ ही इंसानों को प्रभावित करता है। मुर्गा, बत्तख आदि पक्षियों में इसकी संभावना अधिक रहती है। समय से ध्यान न देने पर मौत भी हो सकती है।

बर्ड फ्लू के लक्षण 
- बुखार
- हमेशा कफ रहना
- नाक बहना
- सिर में दर्द 
- गले में सूजन
- मांसपेशियों में दर्द
- दस्त होना
- हर वक्त उल्टी आने जैसा महसूस होना
- पेट के निचले हिस्से में दर्द रहना
- सांस लेने में समस्या, सांस न आना, निमोनिया होना
- आंखों में कंजक्टिवाइटिस का संक्रमण

ये बरते सावधानियां 
- मरे हुए पक्षियों से दूर रहें।
- अगर किसी पक्षी की मौत होती है तो इसकी सूचना विभाग को दें।
- बर्ड फ्लू वाले एरिया में नॉनवेज न खरीदें और न ही खाएं।
- घर से बाहर मॉस्क पहनकर बाहर निकलें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें