भीमपुरा। रतनपुरा - भीमपुरा मार्ग पर बाहरपुर बार्डर के समीप सोमवार की देर रात बदमाशों ने एक दवा व्यवसायी को मारपीट कर 35 हजार रुपया छीन लिए। बदमाशों के जाने के बाद व्यवसायी ने पुलिस को छिनैती की सूचना दी। घटना को लेकर मऊ की हलधरपुर व बलिया की भीमपुरा पुलिस एक दूसरे के क्षेत्र की घटना बता सीमा विवाद में उलझी रही। दूसरे दिन एएसपी अनिल झा घटना स्थल पर पहुंच मामले की जानकारी कर भीमपुरा थाना में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
मामपुर महदेवा गांव निवासी सुशील चंद निवासी मऊ में दवा एजेंट का काम करते हैं। सोमवार शाम करीब आठ बजे पैसा कलेक्शन करके बाइक से घर जा रहे थे। बाहरपुर बार्डर से पांच सौ मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। उसके बाद धमकाते हुए उससे 35 हजार रुपया छीन कर फरार हो गए। एसओ मनोज कुमार सिंह ने बताया की मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।