फार्चूनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग 31 अंतर्गत दुबहर सीएचसी के सामने शनिवार की दोपहर बाइक और फार्चुनर गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस के सहयोग से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। बलिया-बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
हल्दी थाना क्षेत्र के हल्दी पश्चिम टोला निवासी दीपक सिंह (20) अपने पिता हृदयानंद कुंवर को सुबह ट्रेन पर चढ़ाने के लिए जिला मुख्यालय आया हुआ था। पिता को ट्रेन पर बैठाने के बाद वह बाइक से घर वापस हो रहा था। अभी दुबहर सीएचसी के समीप पहुंचा ही था। इसी बीच बैरिया के तरफ बलिया आ रही फार्चुनर गाड़ी से आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार दीपक करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा।
आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। उधर फार्चुनर गाड़ी के चालक घटना के बाद अपने वाहन को लेकर भागने में सफल रहा। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-31 को दोपहर में चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर जिला मुख्यालय से पहुंचे सीओ सिटी के सी सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने लगे।
इसके बाद किसी तरह चक्काजाम समाप्त हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद फरार फार्चुनर को पकड़ा जाएगा। जाम करने वालों में अनिल कुमार सिंह, विनोद कुमार पांडेय, महेश सिंह, सुनील यादव, दिवाकर राम, उपेंद्र प्रसाद, शिवमुनी गुप्ता, अरविंद सिंह, राहुल, सोनू, रोहित आदि मौजूद रहे।