बेरुआरबारी-बांसडीह मुख्य मार्ग पर ग्राम सभा असेगा गेट के पास बेरुआरबारी की तरफ से बांसडीह की तरफ जा रहे व्यक्ति की बाइक पेड़ से टकरा गई। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेरुआरबारी पहुंचाया, जहां घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति को गंभीर देखते हुए उसी एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अवनीश चौरसिया (30) पुत्र महेश चौरसिया निवासी गुदरी बाजार बांसडीह की बाइक असेगा मुख्य पेड़ से टकरा गई थी। हादसे के बाद वह मौके पर ही अचेत हो गया था। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।