बलिया। जिले में 31 मई को बीएड-2026 के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने और बैठक में अनुपस्थित रहने वाले दो स्टैटिक मजिस्ट्रेटों पर नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने का आदेश दिया।
बताया कि जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिया कि केंद्र भवन जर्जर न हो तथा वहां ठंडे पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्कूलों की चहारदीवारी की जांच करने, प्रवेश एवं निकास मार्ग एक ही रखने तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के परिचय पत्र एडीएम (वि./रा.) कार्यालय से जारी किए जाएंगे। निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के पास छायादार स्थान चिह्नित कर पहले पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि परीक्षा के दिन सुबह और शाम रोडवेज बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
साथ ही सभी थानों को निर्देश दिया गया कि कोई भी निजी बस संचालक परीक्षार्थियों से अधिक किराया न वसूले, इसका ध्यान रखा जाएग। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि जो परीक्षार्थी परीक्षा से एक दिन पहले पहुंचते हैं, उनके रुकने की व्यवस्था स्कूलों अथवा टेंट में की जाए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।